पलामू : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाएगी। संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में समरसता संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से होगी, जबकि यात्रा का समापन 20 फरवरी 2027 को किया जाएगा।
Read More : रांची पहाड़ी मंदिर में सावन को लेकर विशेष इंतजाम, 60 CCTV और 400 जवान रहेंगे तैनात
मंगलवार को पलामू परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में मरांडी ने बताया कि यात्रा के तहत एक कलश झारखंड भी पहुंचेगा। यह सबसे पहले गढ़वा पहुंचेगा और वहां नगर मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद पलामू, लातेहार, रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
शिक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर कही यह बात
पत्रकारों से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देशहित में उठाया गया कदम है। उनके अनुसार, देशभर के छात्र इसकी मांग कर रहे थे और इसी मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन भी चल रहा था।
नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की आत्महत्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के बढ़ते दबाव के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र आत्महत्या कर लेते हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
मरांडी ने कहा कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री गंभीर हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विपक्ष से भी सार्थक सुझाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संसद में इस विषय पर चर्चा चल रही है, लेकिन परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना भी आवश्यक है।
जेपीएससी और सीजीएल परीक्षाओं पर भी बोले मरांडी
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल नीट तक सीमित नहीं हैं। झारखंड में जेपीएससी और सीजीएल परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन मामलों में भी निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए समान नीति अपनाने की जरूरत है।
पत्रकार वार्ता में डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, पांकी के विधायक शशिभूषण मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पूर्व सांसद मनोज भुइयां, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडे, वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, शिवकुमार मिश्रा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




