देवघर : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने परिवार, उत्तर प्रदेश के सभी प्रदेशवासियों तथा देश की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद उनका बासुकीनाथ धाम जाने का भी कार्यक्रम है।
Read More : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक के निधन पर कांग्रेस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले पर कहा कि सरकार इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि उनकी सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि जब भाजपा चुनाव हारती है तो विपक्ष कोई सवाल नहीं उठाता, लेकिन पार्टी की जीत होने पर तरह-तरह के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर बना हुआ है।
गौरतलब है कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने में जुटे हुए हैं।




