पूर्वी सिंहभूम : सावन माह के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ इस वर्ष भी नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करेगा। शुक्रवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1000 श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। वहां से श्रद्धालु गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे। जलार्पण के बाद श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम के भी दर्शन करेंगे। पूरी यात्रा आठ दिनों की होगी।
Read More : झारखंड में 17 जुलाई तक बारिश जारी, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
20 जुलाई से शुरू होगा पंजीयन
विकास सिंह ने बताया कि यात्रा के लिए पंजीयन 20 जुलाई से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। इसमें 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम आयु के श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे। सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को फोटो और मोबाइल नंबर युक्त पहचान पत्र दिया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें यात्रा के दौरान सभी निर्धारित सुविधाएं नि:शुल्क मिलेंगी।
भोजन, ठहराव और स्वास्थ्य सुविधा रहेगी नि:शुल्क
संघ ने बताया कि श्रद्धालुओं की पहचान आसान बनाने के लिए सभी कांवरियों के लिए एक समान ड्रेस कोड तय किया गया है। सुल्तानगंज से देवघर तक कांवर पथ पर धर्मशालाओं और अन्य पड़ावों की व्यवस्था पहले से कर ली गई है। प्रत्येक पड़ाव पर भोजन, विश्राम, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ईनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला में छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा रावण वध की जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।
Read More : 99 हजार करोड़ का निवेश झारखंड की नई औद्योगिक क्रांति का शंखनाद : केशव महतो कमलेश
संघ की ओर से यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के लिए बस, ठहरने की व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। संघ ने इच्छुक श्रद्धालुओं से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है, क्योंकि सीटों का आवंटन सीमित संख्या के आधार पर किया जाएगा।




