रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जमीन घोटाला मामले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने रांची के जाने-माने जमीन कारोबारी कमलेश कुमार सिंह पर शिकंजा कसते हुए उनकी 66 एकड़ जमीन को अस्थाई रूप से जब्त (अटैच) कर लिया है। जब्त की गई इस जमीन की सरकारी और बाजार दर के हिसाब से कुल कीमत लगभग 85 करोड़ रुपये आंकी गई है।
फर्जी दस्तावेजों के सहारे हड़पी थी जमीन
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम पिछले लंबे समय से कमलेश कुमार सिंह द्वारा की गई जमीनों की खरीद-बिक्री के संदिग्ध दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही थी। जांच के दौरान केंद्रीय एजेंसी को पुख्ता सबूत मिले कि कमलेश सिंह ने रांची के कांके अंचल और नगड़ी अंचल में स्थित 66 एकड़ जमीन के फर्जी और जालसाजी से भरे डीड तैयार करवाए थे।
कई प्लॉट बेचे, कुछ पर थी नजर
ईडी की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस विशाल भूखंड में से कुछ हिस्सों को कमलेश सिंह ने फर्जी कागजात के आधार पर भोले-भाले खरीदारों को पहले ही बेच दिया था, जिससे उसने मोटी रकम वसूली थी, हालांकि, बाकी बची हुई जमीन की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी थी, जिससे पहले ही ईडी ने इस पर अपनी कानूनी मुहर लगाते हुए इसे फ्रीज कर दिया।




