सीवान : आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सीवान के उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईओयू की टीम ने सीवान, पटना और मुंगेर स्थित उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। सभी स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया गया।
Read More : रिश्वत लेते ही दबोचा गया अमीन, निगरानी की बड़ी कार्रवाई
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से मिली सूचना के सत्यापन के दौरान अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले। प्रारंभिक जांच में उनके पास 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की ऐसी संपत्ति मिलने की बात सामने आई, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
आर्थिक अपराध इकाई ने इस मामले में थाना कांड संख्या 13/26, दिनांक 8 जुलाई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इसके बाद विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर आज यानी गुरुवार को कार्रवाई शुरू की गई।
Read More : खान सर की जमानत पर फैसला सुरक्षित, गिरफ्तारी पर रोक जारी
पटना, मुंगेर और सीवान के पांच ठिकानों पर तलाशी
ईओयू की टीम ने दानापुर (पटना) स्थित आवास, मुंगेर के चंदनबाग स्थित पैतृक घर, लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन, सीवान स्थित उत्पाद विभाग के कार्यालय कक्ष और नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित किराये के आवास पर एक साथ तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
Read More : भारत-नेपाल सीमा पर यूक्रेन की महिला गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल जाने का आरोप




