रांची : झारखंड में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लगातार हो रही लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के विरोध में अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई गई।
Read More : रांची में 100 बच्चों को मिले फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने की। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण स्वर्ण व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। संगठन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
गुमला लूटकांड और नगरी चोरी पर जताई चिंता
बैठक में गुमला जिले के पालकोट स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी से दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई। संगठन के अनुसार, दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने घेर लिया, मारपीट की और हवाई फायरिंग कर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इसके अलावा, नगरी क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी की घटना का भी उल्लेख करते हुए संगठन ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Read More : झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, बहू को डांटना 498A में ‘क्रूरता’ नहीं
डीजीपी से मिलकर रखी जाएगी मांग
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग करेगा।
Read More : 5 वर्ष से अधिक आयु के कर्मियों की छंटनी पर लगी रोक, ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की पहल रंग लाई: अजय राय
संगठन ने कहा कि व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना भय के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें। बैठक में नंदलाल साहू, मनोज सोनी, शंभू प्रसाद, त्रिभुवन प्रसाद, पंकज प्रसाद, रामबालक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




