नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। इस दिन को ‘विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, जो पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद बांग्लादेश की स्वतंत्रता का प्रतीक है। गौरतलब है कि बांग्लादेश में छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जन-आंदोलन के कारण शेख हसीना को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था, जिससे उनका 15 साल लंबा शासन समाप्त हो गया था और 5 अगस्त 2024 को, वे भारत आ गईं थीं।
तारिक रहमान से की ये मांग
शेख हसीना ने मंगलवार को जारी एक बयान में अपनी वापसी की तारीख की घोषणा की और बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मांग की कि उनकी वापसी के लिए राष्ट्रीय एयरलाइन की व्यवस्था करें।
प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने इस मामले पर बयान देते हुए बताया, “चूंकि 5 अगस्त, 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेश के एक विमान से भारत ले जाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि उनके लिए दिल्ली से ढाका वापस आने के लिए हवाई यात्रा का इंतजाम किया जाए।
अब देखना ये होगा कि शेख हसीना की मांग पर बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान का क्या पक्ष सामने आता है। सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि क्या हसीना 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश जा पाएंगी?
also read : रांची रेलवे स्टेशन पर चला ऑपरेशन भूमि, 522.90 वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त



