गिरिडीह : गिरिडीह में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। पारसनाथ शिखरजी का दर्शन कर टाटा लौट रहे जैन श्रद्धालुओं से भरी बस मधुबन थाना इलाके के कल्याण निकेतन के पास अचानक बेकाबू हो गई। बस पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार तरीके से टकराई और फिर दूसरी तरफ पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस के अंदर बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कोई अपनी जान बचाने के लिए चिल्ला रहा था, तो कोई अपनों को खोज रहा था। इस हादसे में गुजरात के सूरत के रहने वाले एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार एक दर्जन से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें दो की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू कर दी गई।
Read More : दुमका में कोयला खदान की ड्रिलिंग को लेकर बवाल, पथराव में 10 पुलिसकर्मी घायल
शिखरजी के दर्शन कर टाटा लौट रहा था श्रद्धालुओं का काफिला
मिली जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का पूरा काफिला 10 गाड़ियों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी के दर्शन करने आया था। दर्शन करने के बाद सभी लोग टाटा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान जब काफिला मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास पहुंचा, तभी एक बस के चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज (56 वर्ष) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की खबर मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के साथ आसपास के गांवों के लोग भी राहत और बचाव के काम में जुट गए। बस के अंदर फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
दो घायलों की हालत गंभीर, बड़े अस्पताल भेजने की तैयारी
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो घायलों की हालत गंभीर बताई है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया जा सकता है। वहीं, पुलिस ने मृत दंपती के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
एसडीपीओ आबिद खान ने क्या बताया?
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया, “जैन तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी है। जिसमें गुजरात के दंपती की मौत हो गई है। राहत और बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।”



