अररिया : अररिया में बिजली ऑफिस के पास NH-327E पर तेज रफ्तार कार ने बच्चों से भरे सिटी रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा चालक समेत 6 स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया। रिक्शा चालक को भी अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सिटी रिक्शा में टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ही घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सिटी रिक्शा पर सवार सभी बच्चे जीरो माइल कोसी पुल के पास स्थित ‘अल-गजाली इंटरनेशनल स्कूल’ के छात्र हैं। इस हादसे के बाद निजी स्कूल की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए सिटी रिक्शा का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा था? बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


