रांची : झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है। सोमवार को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, कोल्हान और आसपास के दक्षिणी इलाकों में मौसम का रंग थोड़ा अलग रहेगा। इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 24 नवंबर से धीरे-धीरे आसमान साफ होने लगेगा। इसके बाद दिन में अच्छी धूप निकलेगी, लेकिन सुबह-सुबह लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। 28 नवंबर तक सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। उधर, मौसम साफ होते ही ठंड भी अपना असर दिखाना शुरू कर देगी। अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ेगी और लोगों को ठंड का एहसास ज्यादा होने लगेगा।
Read More : बिसलेरी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी, पानी में क्या मिला?
दक्षिणी झारखंड में बारिश और गरज-चमक के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सोमवार को कोल्हान और आसपास के दक्षिणी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होगा। 24 से 28 नवंबर तक सुबह के वक्त कोहरा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान कोडरमा में सबसे ज्यादा 54 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिलीमीटर, लातेहार में 2 मिलीमीटर और खूंटी में करीब 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
खराब मौसम से रांची एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
रांची में रविवार को खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। दूसरे राज्यों में मौसम खराब रहने के कारण रांची आने वाली 9 उड़ानें तय समय से देर से पहुंचीं। वहीं, इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान सुबह 7:15 बजे के बजाय 10:18 बजे पहुंची। वहीं, पुणे-रांची उड़ान सुबह 7:30 बजे की जगह 10:03 बजे आई। कोलकाता-रांची की एक उड़ान भी सुबह 8:15 बजे के बजाय 9:08 बजे पहुंची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची उड़ान सुबह 9:30 बजे की जगह 9:50 बजे पहुंची। इसके अलावा इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान सुबह 11:45 बजे के बजाय दोपहर 1:18 बजे रांची पहुंची।
दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद की उड़ानें भी लेट
दोपहर के बाद भी उड़ानों की देरी का सिलसिला जारी रहा। इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान दोपहर 1 बजे के बजाय 1:27 बजे पहुंची। मुंबई-रांची उड़ान दोपहर 1:30 बजे की जगह 1:52 बजे आई। वहीं, दिल्ली से रांची आने वाली एक और इंडिगो उड़ान शाम 4:50 बजे के बजाय 5:14 बजे पहुंची। हैदराबाद-रांची उड़ान भी रात 8:25 बजे के तय समय की जगह 8:45 बजे एयरपोर्ट पहुंची। इस तरह रविवार को रांची आने वाली 9 उड़ानें देर से पहुंचीं, जबकि एक उड़ान रद्द रही। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, दूसरे राज्यों में खराब मौसम के कारण विमानों के परिचालन पर असर पड़ा और उनके समय में बदलाव करना पड़ा। मौसम सुधरने के बाद उड़ानों का परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है।


