IITF-2026 में झारखंड का जलवा, एक सीप में तैयार होंगे 8 मोती

नई दिल्ली/रांची : झारखंड का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के जेहन में खनिज संपदा, जंगल और पहाड़ आते हैं, लेकिन अब राज्य की पहचान इससे कहीं आगे बढ़ रही है। इसकी झलक दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में भी देखने

झारखंड

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली/रांची : झारखंड का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के जेहन में खनिज संपदा, जंगल और पहाड़ आते हैं, लेकिन अब राज्य की पहचान इससे कहीं आगे बढ़ रही है। इसकी झलक दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में भी देखने को मिल रही है। यहां लगे झारखंड पवेलियन में मोती की खेती से लेकर महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियां तक लोगों का ध्यान खींच रही हैं। खास बात यह है कि झारखंड में अब खेती-किसानी के पारंपरिक तरीकों के साथ नई तकनीकों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मोती की खेती लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। मेले में आने वाले लोग झारखंड की इस नई पहल के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

Read More : मधुबन में जैन श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, गुजरात के दंपती की गई जान

एक सीप में तैयार होंगे 7 से 8 मोती, जानिए नई तकनीक

झारखंड सरकार राज्य में मछली पालन और इससे जुड़े दूसरे कारोबार को बढ़ावा देने में जुटी है। इसके लिए बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन जैसी तकनीकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। झारखंड पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने लोगों को मोती की खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का काम फैल रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार की ओर से मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है। यहां बड़े पैमाने पर मोती की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब पुराने तरीकों के बजाय मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनाई जा रही है। इस तकनीक की खासियत यह है कि एक ही सीप में एक साथ 7 से 8 मोती तैयार किए जा सकते हैं। इसमें बाहरी न्यूक्लियस का इस्तेमाल नहीं होता। इस तकनीक से तैयार मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होने की जानकारी भी दी गई। हजारीबाग में आने वाले समय में अत्याधुनिक ब्रीड बैंक बनाने की भी योजना है।

महिलाओं और युवाओं को मिलेगा कमाई का मौका

झारखंड में मछली पालन को सिर्फ मछली उत्पादन तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि इसके जरिए गांव के लोगों की कमाई बढ़े और महिलाएं व युवा अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इसके लिए महिलाओं और युवाओं को मछली बेचने की किट के साथ तीन और चार पहिया वाहन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें। इसके अलावा जलाशयों को विकसित करने, बंद पड़ी खदानों में मछली पालन को बढ़ावा देने और मछुआरों को बीमा सुरक्षा देने जैसी पहल भी की जा रही है। इससे गांवों में रहने वाले लोगों को कमाई के नए मौके मिल सकेंगे।

महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियों ने भी खींचा ध्यान

झारखंड पवेलियन में सिर्फ मोती और मछली पालन ही लोगों को आकर्षित नहीं कर रहा है। यहां वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है। इस स्टॉल पर महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता से जुड़े कई उत्पाद देखने को मिल रहे हैं। लाख से बनी रंग-बिरंगी चूड़ियां और कंगन लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। वहीं, महुआ के लड्डू भी मेले में आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन उत्पादों के जरिए झारखंड के जंगलों से मिलने वाली चीजों, यहां के पारंपरिक हुनर और ग्रामीण इलाकों में होने वाले रोजगार की झलक दिखाई जा रही है।

IITF-2026 में दिख रही झारखंड की बदलती तस्वीर

दिल्ली के इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड अपनी एक अलग पहचान पेश कर रहा है। एक तरफ आधुनिक तकनीक से मोती और मछली पालन को आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है, तो दूसरी तरफ महुआ, लाख और दूसरे वन उत्पादों के जरिए गांवों के हुनर को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। कुल मिलाकर, झारखंड पवेलियन में खेती, मछली पालन, वन उत्पाद और ग्रामीण रोजगार की ऐसी तस्वीर देखने को मिल रही है, जो राज्य में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की नई संभावनाओं को सामने ला रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *