बीसीसीएल के 11 संवेदनशील ठिकानों पर सीआईएसएफ की छापेमारी, भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद

धनबाद, कतरास: बीसीसीएल के कोल क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, चोरी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। सीआईएसएफ इकाई, बीसीसीएल धनबाद की ओर से 11 संवेदनशील स्थलों पर एक साथ छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

अपनी भाषा में पढ़ें

धनबाद, कतरास:  बीसीसीएल के कोल क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, चोरी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। सीआईएसएफ इकाई, बीसीसीएल धनबाद की ओर से 11 संवेदनशील स्थलों पर एक साथ छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर कुल 122 वाहनों की जांच की गई।
सीआईएसएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बस्ताकोला एरिया-09 के कुइयां माइंस ट्रांसपोर्टिंग रूट पर कुछ अज्ञात लोग कोयला लोडेड वाहनों से कोयला उतार रहे थे। इसी दौरान क्यूआरटी टीम को अपनी ओर आता देख सभी लोग करीब 20 बोरा यानी लगभग 1.5 मीट्रिक टन कोयला छोड़कर फरार हो गए। बाद में बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से कोयला बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रबंधन को सौंप दिया गया।
इसी तरह कतरास एरिया-04 के मोदीडीह चार नंबर बिजली घर के पास से करीब 80 बोरी कोयला बरामद किया गया। वहीं, सिजुआ एरिया-05 के एसबीसी कोल डंप-16 के पास से करीब 50 किलोग्राम कोयले की एक बोरी और एक टीवीएस मोटरसाइकिल (JH-10-CE-0559) जब्त की गई। जियलगोरा एरिया-10 के बरारी कोलियरी और बीसीसीएल अस्पताल के पीछे से करीब 150 बोरी अवैध कोयला बरामद हुआ। रास्ता संकीर्ण और गड्ढायुक्त होने के कारण लॉजिस्टिक वाहन मौके तक नहीं पहुंच सके, जिसके चलते कोयले को खदान परिसर में ही डंप किया गया।

कई अवैध मुहानों की कराई गई भराई

अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ ने बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से कई स्थानों पर कार्रवाई की। बरोरा एरिया-01 के दामोदा माइंस के पास दामोदा बस्ती के समीप एक अवैध मुहाने की भराई कराई गई। कतरास एरिया-04 के मोदीडीह चार नंबर बिजली घर के पास एक अवैध मुहाने को बंद किया गया। इसके अलावा भूमि माइंस के ऊपर पाण्डेयडीह बस्ती के पास से गुजरने वाले एक एस्केप रूट को भी बंद कराया गया। जियलगोरा एरिया-10 के बरारी कोलियरी और बीसीसीएल अस्पताल के पीछे दो अवैध मुहानों की भराई की गई।
ड्रोन से की गई हॉटस्पॉट की निगरानी
अभियान के दौरान बरोरा क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से खदानों और पूर्व में चिह्नित संवेदनशील हॉटस्पॉट स्थलों की हवाई निगरानी भी की गई। इसका उद्देश्य अवैध खनन और कोयले के अवैध भंडारण जैसी गतिविधियों पर नजर रखना है।
सीआईएसएफ ने बताया कि भारत सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से लगातार गश्त, ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी/एसआरटी की तैनाती, छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
सीआईएसएफ ने आम लोगों से कोयला चोरी, अवैध खनन और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी व्हाट्सऐप नंबर 9341528406 पर देने की अपील की है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
‘
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *