रांची : स्वीकृत भवन नक्शे के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बरियातू मुख्य मार्ग पर स्वीकृत नक्शे से अधिक मंजिलों का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। नगर निगम की नगर निवेशक शाखा ने संबंधित भवन मालिक को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। नगर निगम के अनुसार, रांची नगर निगम क्षेत्र में बिना स्वीकृत भवन प्लान के या स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण करना प्रतिबंधित है। भवन निर्माण में झारखंड भवन उपविधि 2016 और निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
Read More : सामंथा रुथ प्रभु बनीं मां, राज निदिमोरु के घर आया नन्हा मेहमान
B+G+4 की जगह B+G+6 तक कर लिया निर्माण
नगर निगम की नगर निवेशक शाखा ने बरियातू मुख्य मार्ग पर स्थल निरीक्षण किया था। इस दौरान भवन निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि भवन स्वामी मोहसीन हसन रजा ने B+G+4 का भवन प्लान स्वीकृत कराया था, लेकिन स्वीकृत नक्शे से विचलन करते हुए भवन का निर्माण B+G+6 तक कर लिया गया। संबंधित भवन का पता आलम हॉस्पिटल के सामने और MMCC हॉस्पिटल के बगल में, बरियातू रोड, रांची बताया गया है। नगर निगम ने इसे झारखंड भवन उपविधि 2016 और निर्धारित निर्माण मानकों का उल्लंघन माना है।
सेटबैक, गिफ्ट डीड और पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं
निरीक्षण के दौरान भवन में अनिवार्य सेटबैक, गिफ्ट डीड और पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित भवन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है।
तीन दिनों में देना होगा स्पष्टीकरण
रांची नगर निगम ने 20 नवंबर 2026 को संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा किया। इसके जरिए भवन मालिक को अगले तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या निर्माण में अनियमितता की पुष्टि होने पर अवैध निर्माण को हटाने और भवन को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 की संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण से जुड़े नियमों और स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने सभी भवन मालिकों और निर्माणकर्ताओं से केवल स्वीकृत भवन प्लान के अनुरूप निर्माण कार्य करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



