रांची : झारखंड की राजधानी रांची में चोरों ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के आरएसी कैंपस स्थित एक आवास में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करीब 320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के आभूषणों के अलावा लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी चोरी कर ली। घटना विश्वविद्यालय कर्मचारी दीपू उपाध्याय के आवास में हुई है। इस मामले में कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
Read More : छठ पूजा का पोस्टर फाड़ने पर हजारीबाग में विवाद, निगम कार्यालय पर धरना
छठ मनाने बिहार गया था परिवार
दीपू उपाध्याय के मुताबिक, वह 13 नवंबर को अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने पैतृक गांव कल्याणपुर, भोजपुर (बिहार) गए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी उन्होंने पड़ोसी मोहम्मद मोइज उर्फ सोनू को दी थी। 19 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे जब वह वापस रांची लौटे, तो घर के मुख्य लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी मिली।
320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के गहने चोरी
घर के अंदर कमरों और बड़े बक्से के ताले व कुंडियां उखड़ी हुई थीं। सामान फर्श और पलंग पर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 320 ग्राम सोने के आभूषण गायब मिले। चोरी हुए सोने के गहनों में हार, चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, टीका, नथिया और बच्चे का महावीरी लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण भी गायब मिले हैं। इनमें पायल और बिछिया के पांच सेट शामिल हैं। चोर बक्से में रखी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी अपने साथ ले गए। घर से कीमती जेवरात के साथ लाइसेंसी हथियार चोरी होने के बाद मामला गंभीर हो गया है।
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
चोरी की सूचना मिलते ही कांके थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब चोरी की वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
BAU कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर के भीतर हुई इस चोरी ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित दीपू उपाध्याय के अनुसार, परिसर की सुरक्षा के लिए निजी एजेंसी के गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद चोरों ने कैंपस के अंदर स्थित आवास को निशाना बनाया और लाखों रुपये के आभूषणों के साथ लाइसेंसी राइफल लेकर फरार हो गए। फिलहाल कांके थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश कर रही है।



