चक्रवाती तूफान अक्वान को लेकर झारखंड अलर्ट, इरफान अंसारी ने दिए निर्देश

रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट हो गई है। तूफान के असर से राज्य में भारी बारिश होने की आशंका है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ

इरफान अंसारी
AI Generate Image

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट हो गई है। तूफान के असर से राज्य में भारी बारिश होने की आशंका है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक समीक्षा बैठक की। बैठक में किसानों की फसल बचाने से लेकर आम लोगों की सुरक्षा और अस्पतालों में जरूरी इंतजाम करने तक पर चर्चा हुई।

Read More : झारखंड सरकार पर बरसे संजय मेहता, छात्र और मजदूरों के मुद्दे उठाए

मंत्री ने सभी जिलों के DC, सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी और कृषि अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने के बजाय प्रशासन को पहले से तैयारी रखनी होगी, ताकि लोगों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

75 फीसदी धान की फसल अभी खेतों में, किसानों की बढ़ी चिंता

बैठक में सबसे ज्यादा चिंता किसानों की खड़ी धान की फसल को लेकर जताई गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में अभी तक करीब 25 फीसदी धान की कटाई हुई है। बाकी 75 फीसदी फसल अभी खेतों में ही है। ऐसे में लगातार भारी बारिश हुई तो किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश से फसल खराब होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तुरंत सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन मिलकर नुकसान का आकलन करें, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी नियमों के तहत राहत और मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करके फसल तैयार करते हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत बर्बाद नहीं होनी चाहिए। सरकार किसानों के साथ खड़ी है और नुकसान होने पर हरसंभव मदद की जाएगी।

110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान अक्वान सक्रिय है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तूफान नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के पास से गुजर सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है। वहीं तेज झोंकों के साथ हवा की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है। ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को भी कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इस तूफान का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पेड़ गिरने से लेकर बिजली गुल होने तक की स्थिति से निपटने की तैयारी

संभावित भारी बारिश को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को पहले से तैयारी रखने को कहा है। उन्होंने जलभराव, निचले इलाकों में पानी भरने, कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थितियों से निपटने का निर्देश दिया। ग्रामीण सड़कों पर भी बारिश का असर पड़ सकता है। वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल पानी में डूबने, गिरने और भीगने से अनाज की गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। इसे देखते हुए कृषि विभाग को खास तौर पर सतर्क रहने को कहा गया है। मंत्री ने संवेदनशील इलाकों की पहचान कर राहत और बचाव दल तैयार रखने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के साथ भोजन, पीने का पानी, दवाइयां और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा।

सिविल सर्जन और अस्पतालों को भी अलर्ट रहने का आदेश

मंत्री ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बारिश और जलभराव के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन इलाज की व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा गया है। मंत्री ने आशंका जताई कि बारिश के बाद डायरिया, बुखार, सर्दी-जुकाम और पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पहले से तैयारी रखनी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।

DC को अपने जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश

डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के DC को अपने-अपने इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मौसम विभाग की चेतावनी मिलते ही जरूरी कदम उठाए जाएं। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को आपस में तालमेल बनाकर काम करने को कहा गया है। मंत्री ने साफ किया कि आपात स्थिति में अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। लोगों की सुरक्षा, किसानों की फसल और जान-माल की रक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

मंत्री बोले- आपदा का इंतजार नहीं, पहले से तैयारी जरूरी

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा को रोकना संभव नहीं है, लेकिन समय रहते तैयारी करके नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “मेरी प्राथमिकता है कि झारखंड के किसी भी नागरिक को आपदा के कारण परेशानी न उठानी पड़े। खासकर हमारे किसान भाइयों की मेहनत और उनकी फसल सुरक्षित रहे। मैंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे पूरी तत्परता के साथ काम करें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार पूरी तरह अलर्ट है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।” मंत्री ने राज्य के लोगों से भी अपील की कि मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *