रांची : श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 22 नवंबर 2026 को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 नवंबर को प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसे देखते हुए नगर निगम ने सफाई, पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट और रास्तों को दुरुस्त करने की तैयारी की है।
Read More : चक्रवाती तूफान अक्वान को लेकर झारखंड अलर्ट, इरफान अंसारी ने दिए निर्देश
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों, सफाई जोनल और वार्ड सुपरवाइजरों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने रोजमर्रा के काम के साथ प्रकाश पर्व को लेकर भी विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक निकलेगी शोभायात्रा
22 नवंबर को शोभायात्रा दोपहर 3 बजे गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा, रातू रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी से शुरू होगी। यह शोभायात्रा रात 9 बजे तक चलेगी। इसका रास्ता न्यू मार्केट रातू रोड, अपर बाजार, प्यादा टोली, महावीर चौक, गांधी चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट, गुरुद्वारा मेन रोड, एकरा मस्जिद और सुजाता चौक होते हुए गुरु नानक स्कूल, पी.पी. कंपाउंड तक जाएगा। यहीं मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
शोभायात्रा के रास्ते पर होगी खास सफाई
नगर निगम ने शोभायात्रा के पूरे रास्ते, गुरुद्वारों के आसपास और उनसे जुड़ने वाली सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत सड़कों से कचरा उठाया जाएगा, नालियों की सफाई होगी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा। रास्ते में उगी झाड़ियों को भी काटा जाएगा। इसके अलावा शोभायात्रा निकलने से पहले वाटर स्प्रिंकलर से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि धूल न उड़े और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा रास्ता मिले।
शौचालय, पानी और फॉगिंग की भी रहेगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा को जरूरत के हिसाब से चलंत शौचालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। शहर के सभी सुलभ शौचालयों और मॉड्यूलर टॉयलेट की नियमित सफाई भी कराई जाएगी। इसके साथ ही स्ट्रीट डॉग्स को नियंत्रित करने के लिए डॉग कैचिंग अभियान चलाया जाएगा। मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग कराने को भी कहा गया है। शोभायात्रा के रास्ते में पेड़ों की छंटाई और झाड़ियों की कटाई होगी। जहां जरूरत पड़ेगी, वहां वाटर टैंकर से पानी की सप्लाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटेगा, खराब स्ट्रीट लाइट भी होगी ठीक
शोभायात्रा के दौरान रास्ते में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए नगर निगम की इंफोर्समेंट शाखा को सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। रास्ते में बिल्डिंग मटेरियल का अवैध ढेर लगाने पर भी रोक रहेगी। वहीं, अभियंत्रण शाखा को रास्ते में खुली नालियों पर स्लैब लगाने को कहा गया है। विद्युत शाखा खराब स्ट्रीट लाइटों की जल्द से जल्द मरम्मत कराएगी, ताकि शोभायात्रा के दौरान रास्तों पर रोशनी की कमी न हो।
नगर निगम ने लोगों से सहयोग की अपील की
रांची नगर निगम का कहना है कि प्रकाश पर्व के मौके पर शहर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को साफ-सफाई, पीने का पानी, शौचालय, रोशनी और आने-जाने की बेहतर सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सभी संबंधित शाखाओं को आपस में तालमेल बनाकर समय पर काम पूरा करने को कहा गया है। नगर निगम ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि शोभायात्रा के रास्ते पर गंदगी न फैलाएं और कचरा निर्धारित जगह पर ही डालें। किसी भी तरह की नागरिक समस्या, शिकायत या मदद के लिए लोग रांची नगर निगम के 24 घंटे चालू हेल्पलाइन नंबर 1800 570 1235 पर संपर्क कर सकते हैं।






