पटना: पटना में सरेआम लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। ताजा मामला चौक थाना क्षेत्र के लंगूर गली का है जहा कोचिंग करने जा रही एक छात्रा के साथ मोबाइल फोन छीनने की घटना सामने आई है। दिन दहाड़े दो बदमाशों ने छात्रा की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसका फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मोबाइल स्नैचिंग की इस घटना से लोग काफी डरे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार आज गुरुवार की सुबह लगभग 8 बजकर 10 मिनट पर एक छात्रा कोचिंग पढ़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान लंगूर गली के पास दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। बदमाशों ने अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जब तक कि छात्रा कुछ समझ पाती, अपराधियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और वहां से भाग निकले। आंखों में मिर्च पाउडर पड़ने से छात्रा परेशान हो गई और लड़की जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जैसे ही आसपास के लोगों ने लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर कई लोग पहुंचे और लड़की का चेहरा पानी से धुलवाया। मिर्ची लगने से लड़की का पूरा चेहरा लाल हो गया था।
मोबाइल लेकर फरार बदमाश
आसपास के लोगों ने इस घटना की सूचना चौक थाना की पुलिस को दी और पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों बदमाशों की पहचान की जा सके। फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
घटना से लोगों में भय का माहौल
मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर मोबाइल और अन्य कीमती सामान छीनने की इस तरह की वारदात लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती है। खासकर सुबह और दिन के समय स्कूल-कॉलेज और कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा एक गंभीर विषय है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जल्द सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी कर सकती है।
also read : पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का 90 वर्ष की उम्र में निधन






