कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के झंडा चौक के समीप रेलवे ब्रिज के नीचे बुधवार देर रात फुटपाथ पर लगी जूते-चप्पल की तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा जूते-चप्पल सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदारों के मुताबिक, इस घटना में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दुकानदार रुस्तम ने बताया कि वह अपने दो मित्रों गुड्डू और चुन्नू के साथ पिछले कई वर्षों से रेलवे ब्रिज के नीचे दुकान लगाते आ रहे हैं। दिनभर दुकानदारी करने के बाद वे जूते-चप्पलों को चारपाई पर रखकर प्लास्टिक के तिरपाल से ढक देते थे। रात में वहीं सोकर दुकानों की रखवाली भी करते थे।
Read More : बागबेड़ा जलापूर्ति योजना पर फिर उठा भ्रष्टाचार का मुद्दा, CBI जांच की मांग
रात एक बजे आग की लपटें देखकर मची अफरा-तफरी
रुस्तम के अनुसार, बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद रोज की तरह सामान को तिरपाल से ढक दिया गया था। उस समय उनका भाई अफजल वहीं सो रहा था। देर रात करीब एक बजे जलने की गंध महसूस होने पर उसकी नींद खुली। उसने देखा कि दुकानों में रखे जूते-चप्पलों में आग लगी हुई है। अफजल ने तत्काल फोन कर रुस्तम और अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रुस्तम ने अग्निशमन विभाग को फोन किया और घटनास्थल पर पहुंचकर अपने भाइयों के साथ आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे उस पर काबू नहीं पा सके।
दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक तीनों दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। रुस्तम के मुताबिक, इस घटना में तीनों दुकानदारों को मिलाकर करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आसपास की दुकानें भी आ सकती थीं आग की चपेट में
दमकल की टीम के समय पर पहुंचने और आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। घटनास्थल के आसपास फुटपाथ की अन्य दुकानें और कई स्थायी दुकानें भी मौजूद हैं। यदि आग फैलकर इन दुकानों तक पहुंच जाती तो बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।



