चियांकी एयरपोर्ट का होगा विकास, सांसद विष्णु दयाल राम ने तेज की पहल

रांची : पलामू और गढ़वा के लोगों को हवाई सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में चियांकी एयरपोर्ट के विकास की पहल तेज हो गई है। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रांची में झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से

चियांकी एयरपोर्ट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : पलामू और गढ़वा के लोगों को हवाई सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में चियांकी एयरपोर्ट के विकास की पहल तेज हो गई है। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रांची में झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू कराने पर चर्चा की। सांसद ने एयरपोर्ट की मौजूदा कमियों को दूर करने और इसे केंद्र सरकार की उड़ान योजना के आगामी चरण में शामिल कराने के लिए राज्य सरकार से जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया।

Read More : झारखंड में 108 एंबुलेंस की हड़ताल जारी, आज भी सड़कों से दूर रहेंगी गाड़ियां

उड़ान योजना के अगले चरण में शामिल कराने की पहल

सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट को विकास और क्षेत्रीय उड़ानों के संचालन के लिए चिह्नित किया गया था। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से जरूरी जमीन उपलब्ध नहीं कराने के कारण अब तक इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट के विस्तार पर होने वाला खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। ऐसे में राज्य सरकार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की जरूरत को देखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित कर सकती है।

एयरपोर्ट पर मिलीं कई खामियां

सांसद ने बताया कि चियांकी एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आई हैं। एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगा है। इसके अलावा एप्रन और रनवे में पेवमेंट का काम भी शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट की पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में पांच से छह जगह दीवार टूटी हुई है। परिसर का अनधिकृत इस्तेमाल भी हो रहा है। वहां भैंसें बांधी जा रही हैं, गोबर जमा किया जा रहा है और सब्जियों की खेती की जा रही है। वहीं, एयरपोर्ट की नवनिर्मित चहारदीवारी को भी अज्ञात लोगों ने करीब 4×5 फीट के हिस्से में क्षतिग्रस्त कर दिया था। हालांकि, संवेदक ने इसकी मरम्मत करा दी है।

वित्त मंत्री ने निरीक्षण का दिया आश्वासन

एयरपोर्ट की इन समस्याओं को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वे पलामू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ चियांकी एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। साथ ही निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर कराने के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगे।

हवाई सेवा शुरू होने से पलामू-गढ़वा को होगा फायदा

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि चियांकी एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ान शुरू होना पलामू और गढ़वा के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने राज्य सरकार से आवश्यक भूमि और दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। साथ ही चियांकी एयरपोर्ट को उड़ान योजना के आगामी चरण में शामिल कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है। इस संबंध में सांसद के निजी सचिव ने गुरुवार को जानकारी दी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *