पीएम मोदी का दावा, 12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले

नई दिल्ली : पीएम मोदी ने आज यानी गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की 100वीं सालाना बैठक और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए बड़े-बड़े उद्योगपतियों और नीति बनाने वाले लोगों के सामने अपनी बात रखी। पीएम

पीएम मोदी
पीएम मोदी फिक्की सम्मेलन को संबोधित करते हुए।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली : पीएम मोदी ने आज यानी गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की 100वीं सालाना बैठक और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए बड़े-बड़े उद्योगपतियों और नीति बनाने वाले लोगों के सामने अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने देश की तरक्की, गरीबी और कारोबार के मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12-13 सालों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की इस तरक्की में उद्योग जगत का भी बड़ा योगदान रहा है।

‘गरीबी हटाओ’ के नारे के समय नीतियों और नीयत में थी कमी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में 70 के दशक के ‘गरीबी हटाओ’ नारे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी। गरीबी तब भी दूर हो सकती थी, लेकिन नीतियों में कमी रही और दुर्भाग्य से नीयत भी सही नहीं थी। फिक्की इस बात का साक्षी है। उन्होंने कहा कि जब सही नीयत के साथ काम हुआ और सरकार सही दिशा में आगे बढ़ी, तो सिर्फ 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकल आए। प्रधानमंत्री के मुताबिक, यह इस बात का संकेत है कि भारत आज सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें देश की सफलता की गारंटी है। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज और राष्ट्रीयकरण का असफल प्रयोग भी देखा। इसके बाद 21वीं सदी में एक ऐसा दौर आया, जब भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘फ्रेजाइल फाइव’ देशों में गिना जाने लगा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने अपनी मेहनत से इस स्थिति को बदला है। इसमें युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की अहम भूमिका रही है।

भारत में विकास और गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार तेज

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में विकास की गति काफी तेज है। इसके साथ ही गरीबी से बाहर निकलने वाले लोगों की संख्या में भी तेजी आई है। उन्होंने विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पराजित किया है।

उद्योग जगत अगले 20 वर्षों के लक्ष्य तय करे

प्रधानमंत्री ने फिक्की की 100 वर्षों की यात्रा का जिक्र करते हुए भारतीय उद्योग जगत से भविष्य की योजनाओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिक्की ने अपने सफर में देश के उद्योग जगत को कई उपलब्धियां हासिल करते देखा है। अब उद्योग जगत को यह तय करना चाहिए कि अगले 20 वर्षों में वह क्या हासिल करना चाहता है। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उद्योग जगत अपना योगदान किस तरह बढ़ा सकता है, इस पर भी विचार करने की जरूरत है।

India First को निवेश का आधार बनाने की अपील

पीएम मोदी ने उद्योग जगत से कहा कि अगले 20 वर्षों के लिए किए जाने वाले हर दीर्घकालिक निवेश फैसले में ‘India First’ को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबार के विकास के नए अवसर भी खुलेंगे। पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के स्वदेशी विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1930 में गांधी भी यही बात कहकर गए थे और आज इतने वर्षों बाद उन्हें भी यही बात दोहरानी पड़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो।” उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की बात करते थे। पीएम मोदी ने उद्योग जगत से इस विचार को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

फार्मा सेक्टर में आयात पर निर्भरता कम करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ के रूप में जाना जाता है। इसके बावजूद देश हर साल एपीआई, बल्क ड्रग्स और ड्रग्स इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सैकड़ों श्रेणियां हैं, जिनमें भारत आज भी दूसरे देशों पर निर्भर है। प्रधानमंत्री ने फार्मा उद्योग से ऐसे इंग्रेडिएंट्स की पहचान करने को कहा, जिनका उत्पादन भारत में ही किया जा सकता है। उन्होंने नई तकनीक और बड़े उत्पादन संयंत्रों में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही उद्योग जगत से दूसरे देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनने की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया।

कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का आग्रह

पीएम मोदी ने उद्योग जगत से भारतीय कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विदेशी बाजारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भरोसेमंद खरीद व्यवस्था तैयार करनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने ऐसे कृषि उत्पादों के उत्पादन पर ध्यान देने की बात कही, जिनकी संबंधित विदेशी बाजारों में मांग है। इससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर देश की पहचान बनाने में मदद मिलेगी।

फिक्की के 100 साल पूरे होने पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी उन्हें कई बार फिक्की से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला है, लेकिन इस बार का मौका विशेष है। संस्था अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी संस्था का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने फिक्की से जुड़े अतीत और वर्तमान के सभी साथियों का अभिनंदन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *