रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर राज्य के कई इलाकों में देखने को मिल सकता है। हालांकि, तूफान सीधे झारखंड नहीं पहुंचेगा, लेकिन आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ने से यहां भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 19 नवंबर से 22 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। रांची मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 और 21 नवंबर को तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों में राज्य के 14 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Read More : पीएम मोदी का दावा, 12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले
आज इन इलाकों में दिखेगा चक्रवात का असर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 19 नवंबर से झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में तूफान का असर दिखने लगेगा। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन भी हो सकता है। हालांकि, 19 नवंबर के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। आज रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
20 और 21 नवंबर को 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, 20 नवंबर को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। दक्षिणी और मध्य झारखंड के सात जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इनमें रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 21 नवंबर को बारिश का असर उत्तर-पूर्वी झारखंड की ओर बढ़ेगा। इस दिन धनबाद के अलावा संथाल परगना और उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 22 नवंबर से चक्रवात का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी छा सकता है। 23 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा।
दिन में बढ़ेगी ठंड, रात के तापमान में होगा इजाफा
चक्रवाती तूफान के कारण बादल और बारिश का असर तापमान पर भी पड़ेगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिन के समय ठंडक बढ़ेगी। दूसरी ओर, रात के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। रांची का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से बढ़कर 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर को आसमान पूरी तरह साफ होने के बाद एक बार फिर कनकनी बढ़ने की संभावना है।
मेघ गर्जन के दौरान सावधानी बरतने की सलाह
खराब मौसम और मेघ गर्जन की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। इसके अलावा किसानों को अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है, ताकि बारिश और खराब मौसम से फसलों को नुकसान न पहुंचे।






