पलामू : झारखंड के पलामू जिले में नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर लेवी वसूली के लिए फायरिंग करने की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। चैनपुर पुलिस ने बीती देर रात मंगरदाहा घाटी से राहुल दुबे गैंग के चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मोहम्मद सैफ, शाहिद खलीफा और युसुफ अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्तौल, 12 जिंदा गोलियां, दो मैगजीन, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
Read More : देवउठनी एकादशी पर बन रहा रवि योग, जानें व्रत और पूजा के नियम
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बीती देर रात कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पुलिस बल के साथ मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
लहलहे की हाईवे निर्माण साइट थी निशाने पर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि आरोपी सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे में चल रहे नेशनल हाईवे निर्माण कार्य से लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। लेवी वसूली के उद्देश्य से ही सभी मंगरदाहा घाटी में एकत्र हुए थे।
डेढ़ लाख रुपये देकर फायरिंग कराने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद की राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य प्रकाश शुक्ला से बातचीत हुई थी। आरोप है कि प्रकाश शुक्ला ने ही निर्माण स्थल पर लेवी वसूली के लिए फायरिंग करने की योजना बनाई थी। इसके लिए गोली चलाने वाले को डेढ़ लाख रुपये देने की बात भी हुई थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर कथित साजिश को नाकाम कर दिया।






