रांची : राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में फूड कॉर्नर के कारीगर की चाकू मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अमित कुमार राय को गिरफ्तार किया है। वह धुर्वा इलाके का ही रहने वाला है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, एक मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ शर्ट बरामद किया है।
Read More : आठ महीने पहले हुई थी शादी, अब कुएं में मिला नवविवाहिता का शव
चिकन लॉलीपॉप का ऑर्डर मिलने में हुई थी देरी
सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 17 नवंबर की रात अमित कुमार राय ने जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंडा सेंटर के पास एक दुकान में चिकन लॉलीपॉप का ऑर्डर दिया था। ऑर्डर मिलने में देरी होने पर वह नाराज हो गया। इसी दौरान उसने दुकान के कारीगर अजय कुमार दास के गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारीगर को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा। हालांकि, उपचार के दौरान अजय कुमार दास की मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमित कुमार राय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 59/25 दर्ज है। इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान में जुटी है। छापेमारी दल में हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






