चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा रेलवे यार्ड में आज बुधवार सुबह- सुबह हाथी के हमले में एक महिला रेलकर्मी की मौत हो गई। जहां मृतका की पहचान 56 वर्षीय मरियम लड़का के रूप में हुई है। इस घटना के बाद रेलवे क्षेत्र और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। मरियम लड़का बुधवार सुबह करीब चार बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए बंडामुंडा रेलवे स्टेशन जा रही थीं।
इसी दौरान रेलवे यार्ड में अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह संभल पातीं, हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें पैरों से कुचल दिया। हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से इलाके में सनसनी फैल गई
सुबह रेलवे यार्ड में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग के कर्मी मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
ग्रामीणों और रेलकर्मियों के बीच चिंता
जंगली हाथियों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों और रेलकर्मियों के बीच पहले से ही चिंता बनी हुई है। रेलवे यार्ड जैसे व्यस्त क्षेत्र में हाथी के हमले में महिला रेलकर्मी की मौत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। वहीं, इस हादसे से मृतका के परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर है।
also read : झारखंड विधानसभा कादो दिवसीय विशेष सत्र 25-26 नवंबर को






