पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल के गोलचक्कर के पास स्कूल जा रहे बच्चों से भरे CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो से तेज लपटें उठने लगीं। हालांकि, चालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही ऑटो पुल के गोलचक्कर के पास पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऑटो धू-धूकर जलने लगा।
Read More : रांची में RIMS जमीन घोटाले में 6 पूर्व अधिकारी गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई
आग लगते ही बच्चों में मची चीख-पुकार
ऑटो में आग की लपटें उठती देख बच्चों में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई इस घटना से बच्चे दहशत में आ गए। हालांकि, चालक ने बिना देर किए सभी बच्चों को ऑटो से बाहर निकाल लिया। समय रहते बच्चों के सुरक्षित निकलने से बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि ऑटो में रखे बच्चों के स्कूल बैग समेत अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में किसी बच्चे के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
ऑटो में आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग जुट गए। कुछ देर के लिए सड़क पर भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ऑटो में आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।






