जमशेदपुर: मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में चॉकलेट दिलाने के बहाने आठ साल की बच्ची के साथ गलत हरकत करने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर पुराने परिचित युवक कृष्णा शंकर (28) पर मानवीय कृत्य करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए आवेदन में बच्ची की मां ने बताया है कि कदमा निवासी कृष्णा शंकर उनके परिवार को करीब 10 वर्षों से जानता है। बच्ची भी उसे मामा कहकर बुलाती थी। आरोप है कि 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे युवक उनके घर पहुंचा। कुछ देर तक उनके पति से बातचीत करने के बाद वह बच्ची को चॉकलेट और चिप्स दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ बाहर ले गया।
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। रात करीब 10:20 बजे तक बच्ची के नहीं पहुंचने पर परिजनों ने युवक को कई बार फोन किया। लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। करीब 15 मिनट बाद बच्ची अपनी मां को मिली। वह काफी डरी-सहमी हुई थी. मां को देखते ही वह उनसे लिपटकर रोने लगी।
मां के अनुसार, बच्ची ने बताया कि युवक ने उसके साथ गलत हरकत की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि घटना का विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने परिवार के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बच्ची की मां ने उलीडीह पुलिस को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिजनों ने बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
also read : छठ महापर्व का खरना आज शाम, खीर महाप्रसाद खाने के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत






