रांची : बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बने गहरे डीप डिप्रेशन का असर अब झारखंड में साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची में शनिवार शाम से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रविवार सुबह से भी आसमान में बादल छाए हैं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में रांची में 12.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
Read More : राहुल दुबे गैंग से जुड़ा शिवराज राम रामगढ़ मुठभेड़ में घायल, 4 पिस्टल और 80 कारतूस बरामद
मौसम विभाग ने रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं जामताड़ा में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि जमशेदपुर और पलामू में काले बादल छाए हुए हैं।
अगले चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले तीन से चार दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
Read More : नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होते ही किया ऐलान
पिछले 24 घंटों में राज्य के 12 जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 50.4 मिमी वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा चाईबासा में 22.6 मिमी, धनबाद में 19.0 मिमी, सरायकेला में 14.0 मिमी, जमशेदपुर में 13.1 मिमी और रांची में 12.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लातेहार, गुमला, खूंटी और लोहरदगा सहित कई जिलों में भी अच्छी वर्षा हुई। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, हालांकि कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बनी है।
वज्रपात से एक की मौत, लोगों से सतर्क रहने की अपील
बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के कांशीडांड़ गांव में ठनका गिरने से 28 वर्षीय समीर खड़िया की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
Read More : रांची प्रेस क्लब में सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा का अभिनंदन, RTI पर हुआ संवाद
9 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 7 जुलाई को संताल परगना क्षेत्र के देवघर, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा में बारिश की संभावना है, जबकि धनबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 8 जुलाई को पाकुड़ और साहेबगंज सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
9 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। तापमान की बात करें तो डालटनगंज में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
Read More : रांची में रामविलास पासवान की जयंती पर श्रद्धांजलि, भारत रत्न की मांग फिर उठी




