कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित नौवां माइल घाटी में बीती देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहले एक ट्रक और उसके कुछ देर बाद फ्लाई ऐश लदा हाइवा पलट गया। इसके बाद करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और पूरी रात यातायात प्रभावित रहा।
Read More : झारखंड में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत 8 जिलों में IMD की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई, लेकिन लगातार बारिश और संकरी सड़क के कारण यातायात सामान्य होने में काफी समय लग गया।
ट्रक पलटने के बाद बढ़ा हादसा
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे बिहार से रांची की ओर जा रहा रेडीमेड कपड़ों से लदा एक ट्रक नौवां माइल घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदे कपड़ों के कार्टन सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग बाधित हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक सुनील साव घायल हो गए। पहली दुर्घटना के कुछ ही देर बाद कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा फ्लाई ऐश (राख) से लदा एक हाइवा भी उसी स्थान पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हाइवा से फ्लाई ऐश पूरी सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई और दृश्यता भी प्रभावित हुई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तीन से चार अन्य वाहन भी अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए।
Read More : राहुल दुबे गैंग से जुड़ा शिवराज राम रामगढ़ मुठभेड़ में घायल, 4 पिस्टल और 80 कारतूस बरामद
बारिश और संकरी सड़क बनी चुनौती
हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई, जिससे घाटी के घुमावदार रास्ते पर वाहन चलाना और अधिक जोखिम भरा हो गया। सड़क की कम चौड़ाई के कारण बड़े वाहनों को निकालने में भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद रांची-पटना मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री बसें और निजी वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। यात्रियों को पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह तक भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।
पुलिस ने वन-वे व्यवस्था से संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरी रात वन-वे व्यवस्था के जरिए वाहनों का आवागमन जारी रखा। पुलिस की निगरानी में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क साफ कराने का काम चलता रहा। स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में घाटी क्षेत्रों से गुजरते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और फिसलन वाले मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Read More : नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होते ही किया ऐलान




