छठ खरना आज : गुड़ की खीर और रोटी का क्यों है विशेष महत्व? जानें पूरी परंपरा

पटना : छठ महापर्व में 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। चार दिन तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है। इसी दिन से छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। शाम होते ही

खरना
सांकेतिक फोटो

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना : छठ महापर्व में 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। चार दिन तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है। इसी दिन से छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। शाम होते ही व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद खाने के बाद व्रती अन्न और पानी, दोनों का त्याग कर देंगे। इसके बाद सीधे छठ के पारण के दिन ही व्रत खोलेंगे।

छठ पूजा में खरना का अपना अलग महत्व है। यह सिर्फ खीर-रोटी खाने की रस्म नहीं है, बल्कि इसी दिन से व्रतियों की कठिन तपस्या शुरू होती है। खरना के दिन घर से लेकर रसोई तक हर चीज की साफ-सफाई और शुद्धता का खास ख्याल रखा जाता है। प्रसाद बनाने से लेकर पूजा-पाठ तक हर काम पूरे नियम और नेम से किया जाता है।

खरना से शुरू होती है 36 घंटे की कठिन तपस्या

खरना के दिन व्रती सुबह से ही उपवास रखते हैं। पूरे दिन अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता। शाम को स्नान करने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। पूजा के दौरान गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी का भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं। खरना के बाद शुरू होने वाला यह उपवास अगले दिन शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और फिर चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने तक जारी रहता है।

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के खास नियम

खरना का प्रसाद ग्रहण करने की भी विशेष परंपरा है। सबसे पहले छठ व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद खाते हैं। इस दौरान शांति और एकांत का विशेष ध्यान रखा जाता है। मान्यता के अनुसार, व्रती जब खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं तो आसपास शोर नहीं होना चाहिए। यदि इस दौरान किसी तरह की आवाज सुनाई देती है तो व्रती प्रसाद खाना बंद कर देते हैं।

गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी का विशेष महत्व

खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी प्रमुख होती है। खीर तैयार करने के लिए अरवा चावल और गाय के दूध का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें चीनी की जगह गुड़ डाला जाता है। कुछ परंपराओं में गन्ने के रस से भी खीर बनाई जाती है। प्रसाद बनाने में इस्तेमाल होने वाले गेहूं, चावल और दूध की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूरी प्रक्रिया सात्विक तरीके से संपन्न होती है। खरना के प्रसाद में लहसुन और प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।

ज्योतिषाचार्य आचार्य गोलू पांडेय बताते हैं कि छठ महापर्व में खरना का विशेष स्थान है। इस दिन व्रती पूरी शुद्धता और नियमों के साथ प्रसाद तैयार करते हैं। गेहूं को अच्छी तरह साफ करके पिसवाया जाता है और उसी आटे से रोटी बनाई जाती है। वहीं, अरवा चावल, गाय के दूध और गुड़ से खीर तैयार की जाती है। आचार्य गोलू पांडेय के मुताबिक, खीर में चीनी का इस्तेमाल नहीं होता है। शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।

खरना के बाद शुरू होती है अर्घ्य की तैयारी

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती अन्न और जल का त्याग कर देते हैं। यहीं से छठ महापर्व का कठिन निर्जला उपवास शुरू होता है। यह व्रत उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही पूरा होता है। आचार्य गोलू पांडेय के अनुसार, खरना केवल प्रसाद खाने की परंपरा नहीं है, बल्कि यह छठी मैया के प्रति श्रद्धा, समर्पण और संकल्प का प्रतीक है। इस दिन प्रसाद की शुद्धता और पूजा के नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है।

खरना के बाद व्रती के घरों में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो जाती हैं। ठेकुआ, पेकिया और टिकरी जैसे पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। इसके अलावा केला, सेब, संतरा सहित विभिन्न फल और पूजा की अन्य सामग्रियां जुटाई जाती हैं। इन सभी सामग्रियों को बांस के सूप और दउरा में सजाया जाता है। इसके बाद अगले दिन शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी होती है। व्रती बिना अन्न और जल ग्रहण किए 36 घंटे तक इस कठिन साधना को जारी रखते हैं।

खरना से शुरू होती है छठ की मुख्य साधना

पंडित लक्ष्मेश्वर झा बताते हैं कि खरना से ही छठ महापर्व की मुख्य साधना और संकल्प की शुरुआत होती है। भगवान को प्रसाद अर्पित करने के बाद व्रती उसे ग्रहण करते हैं और फिर निर्जला उपवास में प्रवेश करते हैं। इसके बाद छठ पूजा के लिए फल-फूल और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की जाती है। पंडित लक्ष्मेश्वर झा के अनुसार, ठेकुआ, पेकिया और टिकरी के साथ केला, सेब, संतरा सहित अन्य फल सूप में सजाए जाते हैं। इन्हीं सामग्रियों को लेकर व्रती छठ घाट पहुंचते हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

उन्होंने बताया कि छठ महापर्व में हर परंपरा और प्रत्येक सामग्री का अपना महत्व है। नहाय-खाय में कद्दू का विशेष महत्व होता है। इसकी कीमत चाहे जितनी भी हो, श्रद्धालु इसे खरीदकर परंपरा के अनुसार भोजन तैयार करते हैं। इसी तरह खरना में भी निर्धारित प्रसाद और उसकी शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

36 घंटे के उपवास के बाद होगा व्रत का पारण

खरना के दिन शुरू होने वाला निर्जला उपवास अगले दिन शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद भी जारी रहता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और सभी के कल्याण की कामना करते हैं। इसके बाद व्रत का पारण किया जाता है और छठ महापर्व का समापन होता है।

13 से 16 नवंबर तक छठ महापर्व का कार्यक्रम

इस वर्ष 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व का कार्यक्रम इस प्रकार है :

  • 13 नवंबर : नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत।
  • 14 नवंबर : खरना और 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प।
  • 15 नवंबर : शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य।
  • 16 नवंबर : सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य और व्रत का पारण।

खरना से शुरू होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक चलने वाली यह कठिन साधना छठ महापर्व की विशेष पहचान है। गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी, ठेकुआ और फलों से सजे सूप में लोक परंपरा और धार्मिक आस्था की झलक मिलती है। छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शुद्धता, संयम, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अटूट विश्वास का प्रतीक है। खरना इसी श्रद्धा, समर्पण और कठिन संकल्प की शुरुआत करता है।

Read More : लोक भवन पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यपाल से की भेंट

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *