रांची के 72 छठ घाट तैयार, नगर आयुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज यानी शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने शहर के सभी 72 छठ घाटों को तैयार कर लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार

नगर आयुक्त

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज यानी शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने शहर के सभी 72 छठ घाटों को तैयार कर लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ पांच अलग-अलग क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित छठ पूजा समितियों ने घाटों पर निगम की ओर से कराई गई साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था पर संतुष्टि जताई। समितियों ने निगम के प्रयासों की सराहना भी की।

Read More : छठ महापर्व पर डोरंडा में युवाओं ने सैकड़ों व्रतियों को बांटी पूजा सामग्री

नगर आयुक्त ने पांच छठ घाटों का किया निरीक्षण

नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अलग-अलग घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरत के अनुसार अधिकारियों को निर्देश दिए।

1. वार्ड 10 – विवेकानंद पार्क छठ घाट: पूजा समिति ने पानी की शुद्धता और निगम की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। नगर आयुक्त ने पानी में पर्याप्त मात्रा में फिटकरी डालने और संपर्क पथ की विशेष सफाई कराने का निर्देश दिया।

2. वार्ड 10 – भाभा नगर छठ घाट: घाट पर लगातार सफाई जारी रखने को कहा गया। साथ ही संपर्क मार्ग में खुली नालियों पर स्लैब लगाने का निर्देश दिया गया।

3. वार्ड 28 – मधुकम तालाब: तालाब के कुछ हिस्सों में पेंटिंग कराने, फिटकरी डालने और पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।

4. वार्ड 34 – हेहल तालाब: अतिरिक्त सफाई मित्रों की तैनाती कर तालाब और आसपास के पूरे परिसर की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

5. वार्ड 35 – एलएन मिश्रा कॉलोनी तालाब: यहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। नगर आयुक्त ने घाट पर दो हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया।

सभी 72 घाटों पर रोशनी और सफाई दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी छठ घाटों पर जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा छठ व्रतियों के लिए बनाए गए अस्थायी चेंजिंग रूम को ऊपर से ढकने और सभी घाटों पर स्वच्छता एवं सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में रास्तों पर डंप कचरा नहीं दिखना चाहिए। संपर्क मार्गों को कंकड़ और अन्य अवरोधों से भी मुक्त रखा जाए।

स्वच्छ और सुरक्षित छठ पूजा कराना निगम की प्राथमिकता

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना की सुविधा मिले। उन्होंने बताया कि शहर के सभी 72 छठ घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निगम की टीमें लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों और शहरवासियों से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.