-राहुल गांधी और कांग्रेस की चुप्पी शर्मनाक, हेमंत सोरेन एवं झामुमो बतलाए कि क्या ये अपने राजनीतिक सहयोगी को बचाने के लिए चुप्पी साधे रहेंगे या आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने के लिए सरकार निष्पक्ष कार्रवाई करेगी?
-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी नहीं होने पर दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी, पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग
रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ यौन शोषण, दुष्कर्म, गर्भपात के लगे गंभीर आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना झारखंड को शर्मसार करने वाली है। आदिवासी बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस का असली चेहरा आज बेनकाब हो रहा है। एक जनप्रतिनिधि पर ही नाबालिग बच्ची के यौन शोषण और गर्भपात जैसे गंभीर आरोप लगना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि बच्ची को पढ़ाने-लिखाने और उसका भविष्य संवारने का भरोसा देकर अपने आवास पर बुलाकर उस बच्ची का पूरा भविष्य ही चौपट कर दिया गया। यह काफी जघन्य अपराध है। पीड़ित बच्ची द्वारा विधायक के परिजनों पर भी मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। यह मामला सत्ता के रसूख के दम पर एक कमजोर और असहाय बच्ची को डराने-धमकाने का भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।
प्रभावशाली व्यक्ति से मामला जुड़ा होने के कारण पीड़िता काफी भयभीत है और उसने अपनी जान को भी खतरा बताया है
श्री साहू ने कहा कि विधायक जैसे प्रभावशाली व्यक्ति से मामला जुड़ा होने के कारण पीड़िता काफी भयभीत है और उसने अपनी जान को भी खतरा बताया है। राज्य सरकार अविलंब बच्ची और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे। मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी विधायक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा इस घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
श्री साहू ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी महिला अधिकारों और आदिवासी सम्मान की बात तो खूब करते हैं, लेकिन जब उनकी ही पार्टी के विधायक पर एक 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगते हैं, तो उनकी जुबान क्यों बंद हो जाती है? क्या कांग्रेस का आदिवासी प्रेम केवल राजनीतिक भाषणों और चुनावी मंचों तक सीमित है? राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष को बताना चाहिए कि वे इस मामले में अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे?
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो से भी पूछा कि इस गंभीर मामले पर उनका क्या स्टैंड है? क्या गठबंधन सरकार अपने राजनीतिक सहयोगी को बचाने के लिए चुप्पी साधे रहेगी या आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई करेगी?
श्री साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में झारखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अब सत्ताधारी दलों के नेताओं पर भी गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। सत्ता का संरक्षण किसी को कानून से ऊपर नहीं बना सकता।
भाजपा इस मामले को दबने नहीं देगी। यदि प्रशासन एवं सरकार ने आरोपी विधायक की अविलंब गिरफ्तारी नहीं की, पीड़िता को सुरक्षा नहीं दी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की, तो भाजपा सड़क से सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ी तो राज्यव्यापी आंदोलन कर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा। आदिवासी बेटी को न्याय दिलाना भाजपा की प्रतिबद्धता है।






