रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने कार्यकारिणी सदस्य अमित अग्रवाल को रियल एस्टेट एवं शहरी विकास उपसमिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के लिए अमित अग्रवाल ने चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया है।
झारखंड में रियल एस्टेट क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाएं हैं
अमित अग्रवाल पिछले करीब 20 वर्षों से रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े हैं। झारखंड के विभिन्न शहरों में इस उद्योग के विकास और विस्तार का उन्हें व्यापक अनुभव है। इसके अलावा, वे पिछले कुछ वर्षों से स्टार्टअप विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में भी सक्रिय रहे हैं।
नियुक्ति के बाद अमित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड में रियल एस्टेट क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाएं हैं। यह उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना के विकास और शहरी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हितधारकों, सरकारी विभागों और संबंधित प्राधिकरणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उद्योग से संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं और अनुपालन व्यवस्था को सरल, सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी, ताकि व्यवसायियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े और राज्य में निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।
सामूहिक प्रयासों से झारखंड के रियल एस्टेट उद्योग को नई दिशा और गति प्रदान की जा सकती
अमित अग्रवाल ने रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों, बिल्डरों, डेवलपर्स, वास्तुविदों, सलाहकारों, क्रेडाई और अन्य संबंधित संस्थाओं से सक्रिय सहयोग एवं सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से झारखंड के रियल एस्टेट उद्योग को नई दिशा और गति प्रदान की जा सकती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से राज्य में एक सशक्त, पारदर्शी और विकासोन्मुख रियल एस्टेट व्यवस्था विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी।






