रांची: रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने आज शक्रवार को रांची स्थित ऐतिहासिक बड़ा तालाब के छठ घाट का निरीक्षण कर लोकआस्था के महापर्व छठ की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री सेठ ने संबंधित अधिकारियों को घाटों की समुचित साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर एवं छठी मैया की आराधना के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी लोकआस्था, आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है
श्री सेठ ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी लोकआस्था, आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व की गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि छठव्रती पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।
ये रहे उपस्थित
उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार, राजीव रंजन मिश्रा, राजेश कुमार सिन्हा, सपन विश्वास, विशाल मिश्रा पिंटू घोष, रंजीत चौरसिया सहित अन्य समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






