लद्दाख से 2600 किमी दौड़कर रांची पहुंचे स्वीडन के दो धावक

रांची : स्वीडन के दो धावक ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन लद्दाख से करीब 2600 किलोमीटर दौड़ लगाकर गुरुवार की शाम चार बजे रांची पहुंचे। यहां पहुंचने पर दोनों का जोरदार स्वागत किया गया। दोनों धावक ‘रन फॉर आशा’ अभियान के तहत यह लंबा सफर

स्वीडन

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : स्वीडन के दो धावक ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन लद्दाख से करीब 2600 किलोमीटर दौड़ लगाकर गुरुवार की शाम चार बजे रांची पहुंचे। यहां पहुंचने पर दोनों का जोरदार स्वागत किया गया। दोनों धावक ‘रन फॉर आशा’ अभियान के तहत यह लंबा सफर तय कर रहे हैं। इस अभियान का मकसद झारखंड में काम कर रही स्वयंसेवी संस्था आशा की मदद करना और राज्य के बच्चों व युवाओं के लिए बेहतर मौके जुटाना है। आशा के सचिव अजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को दोनों धावक राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भुसुर स्थित आशा के कार्यालय में उनके स्वागत में कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों खूंटी के लिए रवाना होंगे।

Read More : स्थापना दिवस पर रांची में 15 नवंबर को होगा रन फॉर क्लीनलीनेस

लद्दाख से झारखंड तक 2600 किमी का सफर

अजय कुमार जायसवाल के मुताबिक, यह दौड़ 30 अगस्त को लद्दाख से शुरू हुई थी। पिछले ढाई महीनों में दोनों धावक कई मुश्किल रास्तों से गुजरे। इस दौरान उन्होंने रोहतांग पास जैसे ऊंचे पहाड़ी दर्रों को पार किया, जिसकी ऊंचाई 13,058 फीट है। इसके अलावा लद्दाख की ठंडी और सुनसान सड़कें, कीचड़ और बर्फ से भरे रास्ते, पहाड़ी गांव, धान के खेत और कई शहर-कस्बे उनके सफर का हिस्सा रहे। दोनों धावक अपना पूरा सामान एक रनिंग कार्ट में खुद धकेलकर आगे बढ़ रहे थे। उनके साथ भारत और स्वीडन के झंडे भी थे। रास्ते में पंचर ठीक करना, खुले में खाना बनाना और कई बार टेंट में रात बिताना उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा।

1994 में मिली मदद ने भारत से जोड़ा

ब्योर्न स्वेन्सन का भारत से रिश्ता करीब 30 साल पुराना है। वर्ष 1994 में हिमालय में ट्रेकिंग के दौरान उनके साथ गंभीर हादसा हुआ था। उस मुश्किल वक्त में तेनजिंग नाम के एक भारतीय पोर्टर ने उनकी जान बचाई और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। ब्योर्न ने मदद के बदले तेनजिंग को पैसे देने चाहे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। तेनजिंग का कहना था कि उन्होंने यह मदद पैसों के लिए नहीं की है। इस निस्वार्थ मदद का ब्योर्न के जीवन पर गहरा असर पड़ा। इसके बाद भारत और यहां के लोगों से उनका जुड़ाव बना रहा। खासकर झारखंड के खूंटी क्षेत्र से उनका विशेष लगाव हो गया।

अजय जायसवाल ने बताया कि करीब आठ साल पहले घूमने के दौरान ब्योर्न झारखंड आए थे। इस दौरान वे खूंटी भी गए, जहां उनकी मुलाकात आशा की दो-तीन लड़कियों से हुई। उन्हीं से उन्हें संस्था के काम के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद ब्योर्न आशा के कार्यालय पहुंचे और वहां की गतिविधियों को देखकर प्रभावित हुए। उसी दिन उन्होंने बच्चों के लिए कुछ करने का संकल्प लिया था। अब ‘रन फॉर आशा’ के जरिए उन्हें अपना संकल्प पूरा करने का अवसर मिला है।

क्रिस्टीना पाल्टेन भी हैं लंबी दूरी की अनुभवी धाविका

इस अभियान में ब्योर्न के साथ स्वीडन की प्रसिद्ध लंबी दूरी की धाविका क्रिस्टीना पाल्टेन भी शामिल हैं। वे पहले भी कई चुनौतीपूर्ण दौड़ पूरी कर चुकी हैं। इनमें ईरान में करीब 1,840 किलोमीटर की अकेली दौड़ और तुर्की से फिनलैंड तक लगभग 3,262 किलोमीटर की यात्रा शामिल है। ब्योर्न और क्रिस्टीना का मानना है कि खेल और व्यक्तिगत प्रयासों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी दौड़ने की क्षमता को एक सामाजिक उद्देश्य से जोड़ा है।

बच्चों और महिलाओं के लिए काम करती है आशा संस्था

झारखंड में आशा संस्था कई सामाजिक मुद्दों पर काम कर रही है। संस्था के प्रमुख कार्यों में शामिल हैं :

  • डायन प्रथा के खिलाफ अभियान: डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा रोकने के लिए समुदाय, पंचायत और प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता फैलाना और कानून लागू कराने की दिशा में काम करना।

  • मानव तस्करी और असुरक्षित पलायन: किशोरियों और उनके परिवारों को जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित रखने के प्रयास करना।

  • मौसमी छात्रावास: वर्ष 2011 से रांची, सरायकेला और खूंटी में तीन छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। इनमें ईंट-भट्ठों पर काम करने जाने वाले परिवारों के करीब 200 बच्चे रहते हैं और गांव के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करते हैं।

  • बाल विवाह रोकना: आदिवासी क्षेत्रों में 150 से अधिक लड़कियों को बाल विवाह से बचाया गया है। संस्था की ओर से उन्हें आश्रय, शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.