हजारीबाग : लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस अनुष्ठान को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, वहीं बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। नहाय-खाय के अवसर पर व्रती महिलाओं ने स्नान-ध्यान कर व्रत का संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल से बना सात्विक भोजन ग्रहण किया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।
Read More : कर्मभूमि एक्सप्रेस में यात्री की मौत, चक्रधरपुर स्टेशन पर उतारा गया शव
शनिवार को खरना, फिर शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखेंगी और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। इस दौरान व्रती बिना अन्न और जल ग्रहण किए छठी मैया की आराधना करेंगी।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा और व्रती पारण करेंगे। इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना की जाती है।
जिले के छठ घाटों पर सुनाई देने लगे पारंपरिक गीत
छठ महापर्व को लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में तैयारियां चल रही हैं। झील, छठ तालाब, ओकनी, शिवपुरी, नूरा, मटवारी, विष्णुपुरी, रामनगर, कटकमसांडी, कटकमदाग, चरही, विष्णुगढ़, चौपारण और बरही समेत कई क्षेत्रों में छठी मैया के पारंपरिक गीत सुनाई देने लगे हैं। घरों से लेकर बाजारों तक छठ पूजा की रौनक दिखाई देने लगी है। श्रद्धालु चार दिवसीय इस महापर्व की तैयारियों में जुटे हैं।






