पलामू : पलामू जिले में पूजा के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर जमकर विवाद और हंगामा हुआ। पहली घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा की है, जहां बीती रात लक्ष्मी पूजा के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में चार पुलिस जवान घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बचाव में करीब चार राउंड फायरिंग भी की। वहीं, दूसरी घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया की है। यहां काली पूजा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हो गई। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा और भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। इस दौरान पुलिस की दो गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
Read More : कोडरमा में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक चालक की मौत, दूसरा घायल
रकसाहा में लक्ष्मी पूजा के दौरान कैसे शुरू हुआ विवाद?
रकसाहा में बीती रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने लगी। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। स्थिति संभालने और बचाव के लिए पुलिस ने करीब चार राउंड फायरिंग की। पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
रेहला थानेदार गुलशन बिरूआ ने मीडिया को बताया कि दो गुटों के बीच झड़प हो रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। घटना में चार जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल इलाके में शांति है। एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे क्षेत्र पर नजर रख रही है। स्थिति सामान्य होने के बाद लोगों ने पूजा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया। इस घटना में कुछ ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनके नाम सामने नहीं आए हैं।
सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान भी झड़प
पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में भी काली पूजा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। यहां डीजे को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। बताया गया कि एक पक्ष पहले से काली पूजा का आयोजन करता आ रहा है, जबकि दूसरे पक्ष ने इस बार पहली बार पूजा का आयोजन किया था। पहली बार पूजा करने वाले पक्ष ने पहले ही विसर्जन कर दिया था। इसके बाद पुराने पक्ष के लोग विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और पथराव शुरू हो गया।
पुलिस पर पथराव, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी स्थिति संभालने और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस कार्रवाई कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।


