जमशेदपुर : दिवाली के दौरान झारखंड के कोल्हान और बंगाल-ओडिशा मार्ग पर रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। चक्रधरपुर मंडल रेलवे ने लाइन मरम्मत और अन्य कार्यों के लिए नौ जोड़ी मेमू ट्रेनों का परिचालन 4 से 12 नवंबर तक रद्द कर दिया है। ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, मजदूरों, छात्रों और व्यवसायियों को परेशानी होगी। रेलवे के अनुसार, लाइन, सिग्नल और अन्य कार्यों का उद्देश्य ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाना, समय पर चलाना और यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है।
Read More : पलामू में युवती की संदिग्ध मौत, पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
4 से 11 नवंबर तक ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के मुताबिक, टाटानगर-चाईबासा मेमू ट्रेन बुधवार को भी रद्द थी। यह ट्रेन 11 नवंबर तक दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी। इसके अलावा टाटानगर-गुवा-आदित्यपुर मेमू, टाटानगर-गुवा मेमू और झाड़ग्राम-पुरुलिया मेमू ट्रेनें 5 से 11 नवंबर तक रद्द रहेंगी। राउरकेला-टाटानगर मेमू ट्रेन का परिचालन भी इसी अवधि में बंद रहेगा। राउरकेला-झारसुगुड़ा, हटिया-झारसुगुड़ा, हटिया-राउरकेला और बीरमित्रपुर-बरसुआं पैसेंजर ट्रेनों को भी 11 नवंबर तक रद्द करने का आदेश दिया गया है।
पहले भी रद्द हुई थीं कई ट्रेनें
इससे पहले रेलवे ने झारसुगुड़ा में चौथी लाइन के काम का हवाला देकर टाटानगर-इतवारी और हावड़ा से इस्पात एक्सप्रेस समेत नौ ट्रेनों को 4 नवंबर तक रद्द किया था। कांसबहल में ब्लॉक के कारण छह ट्रेनें 17 नवंबर तक पहले से रद्द हैं।
चाकुलिया-बुरामारा नई रेल लाइन के लिए 445.71 करोड़ का टेंडर
झारखंड के चाकुलिया से ओडिशा के बुरामारा तक 59.96 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने पुल, अर्थ वर्क, सिग्नल, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल हाई ट्रैक्शन कार्यों के लिए 445.71 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। रेलवे की योजना के अनुसार, इस मार्ग पर झारपोखरिया, न्यू जामशोला, बरोल, भादागोड़ा, लूलगापानी और चकवाले स्टेशन बनाए जाएंगे। नई लाइन से तीन राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के साथ यात्री ट्रेनों का आवागमन बढ़ाने और माल ढुलाई में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नई लाइन पर बनेंगे करीब 100 पुल और कलवर्ट
चाकुलिया से बुरामारा तक नई रेल लाइन के साथ करीब 100 छोटे-बड़े पुल और कलवर्ट बनाए जाने हैं। ओडिशा वन विभाग इस परियोजना के लिए नि:शुल्क जमीन देगा, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले में भी जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बादामपहाड़ से क्योंझर, गुरूमहिसानी से बांगड़ीपोसी और चाकुलिया से बुरामारा नई रेल लाइन का शिलान्यास किया था। इन तीनों परियोजनाओं पर करीब 6,200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। कुल 228 किलोमीटर के तीनों मार्गों पर 18 स्टेशन और 447 छोटे-बड़े पुल एवं सुरंग बनाए जाने हैं।



