रांची। झारखंड के लिए गर्व और खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप–2026 का आयोजन 6 से 12 जुलाई, 2026 तक सरला बिरला विश्वविद्यालय, महिलोंग, रांची में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 438 प्रतिभाशाली बाल शतरंज खिलाड़ी अपनी रणनीति, कौशल और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन करेंगे।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन द्वारा रांची जिला चेस एसोसिएशन के सहयोग से तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता को विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) एवं संबंधित शतरंज संस्थाओं की मान्यता प्राप्त है। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता रांची में 8 वर्षों के अंतराल पर हो रही है। प्रतियोगिता में पांच लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है।
इस आयोजन की मेजबानी कर रहा सरला बिरला विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए अपनी उत्कृष्ट अधोसंरचना, आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाओं के माध्यम से खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिभागियों के आवास, भोजन, प्रतियोगिता स्थल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रतियोगिता में देश के उभरते हुए युवा शतरंज खिलाड़ी भाग लेंगे, जो भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर सकते हैं। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर होगा, बल्कि झारखंड में खेल संस्कृति को नई दिशा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन से रांची और झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य से देशभर से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं अधिकारी परिचित होंगे। आयोजन को सीसीएल (CCL), एनटीपीसी (NTPC) तथा बीसीसीएल (BCCL) प्रायोजित कर रहा है।
रांची जिला शतरंज संघ के संरक्षक माननीय राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा एवं चेयरपर्सन श्रीमती ऋचा संचिता ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शतरंज प्रेमियों एवं खेल समुदाय का हार्दिक स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप खेल भावना, अनुशासन, उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा और नए चैंपियनों के उदय का साक्षी बनेगी तथा झारखंड के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज करेगी।
यह जानकारी ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने दी।




