रांची : चक्रवात ‘अर्नब’ के असर और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को KG से 12वीं तक की कक्षाओं में पढ़ाई नहीं होगी। प्रशासन ने आज यानी मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
Read More : चेन्नई रवाना हुआ झारखंड का 26 सदस्यीय वुशु दल, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दिखाएगा दम
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रांची को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है। तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए यह फैसला आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत लिया गया है।
निजी स्कूलों में पहले से तय परीक्षा पर क्या होगा?
प्रशासन के आदेश के मुताबिक, अगर किसी निजी स्कूल में 28 या 29 अक्टूबर को पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर फैसला ले सकता है। हालांकि, परीक्षा आयोजित करने की स्थिति में स्कूल को जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को इसकी जानकारी देनी होगी। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल हैं।
शिक्षकों को स्कूल आना होगा
बच्चों की कक्षाओं में पढ़ाई स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों को छुट्टी नहीं दी गई है। आदेश के मुताबिक, सभी संबंधित स्कूलों के शिक्षक और शिक्षिकाएं इन दोनों दिनों में विद्यालय पहुंचेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निपटारा करेंगे। इसके अलावा, सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए किसी भी नए निर्देश के लिए जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर नजर रखना जरूरी होगा।



