रांची : कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों की ओर से केंद्र की BJP सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के जवाब में अब BJP भी मैदान में उतरेगी। पार्टी झारखंड समेत देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। झारखंड में इस अभियान के तहत पदयात्रा, प्रेस कॉन्फ्रेंस और कई दूसरे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Read More : जन सुराज के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत, जंगल में मिला शव
BJP के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल के मुताबिक, पार्टी ने कांग्रेस पर दुष्प्रचार करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए यह अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल बिना सबूत BJP और चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा इन आरोपों का जवाब देने के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी।
2 या 3 नवंबर से जिलों में निकलेगी पदयात्रा
प्रदेश BJP के मुताबिक, अभियान के तहत पदयात्रा का कार्यक्रम 2 या 3 नवंबर से राज्य के अलग-अलग जिलों में शुरू किया जा सकता है। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और दूसरे कार्यक्रम भी किए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब जनता तक पहुंचाया जाएगा।
छह वरिष्ठ नेताओं को मिली जिलों की जिम्मेदारी
BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर छह वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों में अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने पदयात्रा के आयोजन और संगठन के बीच तालमेल बनाने के लिए इन नेताओं को जिला प्रभारी बनाया है।
जिम्मेदारियों का ब्योरा इस प्रकार है :
- जमशेदपुर: राज सिन्हा, झारखंड विधानसभा में भाजपा के सचेतक
- रांची: मनोज सिंह, प्रदेश महामंत्री
- हजारीबाग: बिरंची नारायण, पूर्व विधायक
- पलामू: नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष
- गिरिडीह: अमर कुमार बाउरी, प्रदेश महामंत्री
- दुमका: गणेश मिश्र, प्रदेश महामंत्री
इन नेताओं को अपने-अपने जिलों में पदयात्रा और दूसरे कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस और विपक्ष पर BJP ने लगाए आरोप
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दल युवाओं और आम लोगों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष का मकसद किसी तरह सत्ता हासिल करना है और इसी वजह से भाजपा व चुनाव आयोग पर आरोप लगाए जा रहे हैं। भाजपा का कहना है कि वह इन आरोपों पर चुप नहीं बैठेगी और अभियान के जरिए विपक्ष को जवाब देगी। वहीं, इस अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की तारीख और जिलेवार रूपरेखा को लेकर आगे की जानकारी पार्टी की ओर से दी जा सकती है।




