रांची : रांची में आगामी धान अधिप्राप्ति की तैयारियों को लेकर आज यानी मंगलवार को जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 15 दिसंबर 2026 से संभावित धान खरीद, अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन और किसानों की सुविधा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
Read More : वोट चोरी के आरोपों पर आलोक कुमार दूबे का हमला, 1 नवंबर को बड़ा आंदोलन
बैठक में पंजीकृत किसानों की संख्या, निर्धारित लक्ष्य और धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन एवं संचालन की तैयारियों पर चर्चा हुई। DC ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों के चयन में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन में इन मानकों पर होगा विचार
बैठक में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन पर सहमति बनी। इसके लिए पूर्व में बकाया राशि, प्राथमिकी दर्ज होने की स्थिति, केंद्र का नियमित अंकेक्षण और गोदाम की उपलब्धता सहित कई मानकों को ध्यान में रखा जाएगा। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में धान उत्पादन, पूर्व में किए गए धान अधिप्राप्ति कार्य और केंद्रों की उपलब्धियों की भी समीक्षा की जाएगी। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि केंद्र किसानों के लिए सुविधाजनक स्थान पर हों, ताकि उन्हें धान बेचने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़े।
नए केंद्रों के प्रस्तावों का होगा भौतिक सत्यापन
बैठक में नए धान अधिप्राप्ति केंद्रों के प्रस्तावों पर भौतिक सत्यापन के बाद निर्णय लेने पर सहमति बनी। DC मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों की दूरी और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिप्राप्ति केंद्र किसानों से यथासंभव कम दूरी पर होने चाहिए, ताकि धान की बिक्री के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
राइस मिलरों के चयन पर भी दिए निर्देश
DC ने राइस मिलरों के चयन को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि आगामी धान खरीद की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक रांची रामगोपाल पांडेय, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, मंडल प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, रांची तथा क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, रांची उपस्थित थे।




