झारखंड: पांकुड़ नगर थाना क्षेत्र के कोयलामोड़ में युवक प्रीतम शाह का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से कर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात प्रीतम शाह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेजा गया। रविवार को अस्पताल पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई। मृतक के पिता सुभाष चंद्र शाह ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तीन साल पहले हुई थी शादी, 11 माह की है बेटी
मृतक के पिता सुभाष चंद्र शाह ने बताया कि प्रीतम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसकी 11 माह की एक बेटी है। पिता के अनुसार, दो-तीन दिन पहले प्रीतम की पत्नी कोयलामोड़ के ही एक युवक के साथ चली गई थी। इसके बाद प्रीतम ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी पत्नी को पश्चिम बंगाल से वापस लेकर आई थी।
सुभाष चंद्र शाह मूल रूप से हिरणपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाडांगा गांव के निवासी हैं। कुछ वर्ष पहले उन्होंने कोयलामोड़ में नया घर बनवाया था। प्रीतम मेडिकल लाइन में काम करता था।
पारिवारिक विवाद के बाद हत्या का आरोप
पिता के मुताबिक, प्रीतम ने अपनी पत्नी को दोबारा साथ रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पत्नी और उसके परिजनों की ओर से महिला थाने में मामला दर्ज कराने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया। बाद में महिला थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और प्रीतम की पत्नी को घर भेज दिया गया। शुक्रवार को वह अपने मायके चली गई थी।
इसके बाद प्रीतम का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू और उसके परिजनों ने मिलकर प्रीतम की हत्या की है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वीडियोग्राफी के साथ होगा पोस्टमार्टम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव के पोस्टमार्टम के लिए प्रभारी डीएस डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। मौके पर मौजूद डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसी वजह से मेडिकल टीम गठित की गई है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल टीम की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत आत्महत्या से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।




