कोडरमा: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता 30 वर्षीय महिला गुड़िया देवी का शव रविवार सुबह मसमोहना के खेलडुआ आहार स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, धुमाडीह गांव निवासी गुड़िया देवी 23 अक्टूबर की शाम अपने बच्चों को खाना देने के बाद शौच के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की। शनिवार को भी कुएं में तलाश की गई थी, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेलडुआ आहार स्थित कुएं में एक महिला का शव तैरता देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गुड़िया देवी के रूप में की।
अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी आशंका, जांच की मांग
मृतका के जेठ त्रिलोकी दास ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि धुमाडीह और मसमोहना के जंगलों में अवैध शराब का कारोबार होता है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि शराब के नशे में किसी ने महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया होगा। हालांकि, इस आरोप की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हत्या हुई है या महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
गुड़िया देवी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। महिला के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी शोक और घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
also read : झारखंड के मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्टः सूची में हत्या, डकैती, लूट और रंगदारी वाले अपराधी शामिल



