पलामू: जिले की हुसैनाबाद थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल और जेवरात बेचने की फिराक में जुटे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चांदी जैसी दिखने वाली दो पायल और सोने जैसी एक जितिया बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में औरंगाबाद जिले का 23 वर्षीय मुकेश कुमार शामिल है, जबकि दूसरा विधि-विरुद्ध बालक है। पुलिस ने मुकेश को न्यायिक हिरासत में भेजने और बालक को संप्रेक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
also read : रांची के छठ घाटों पर NDRF और गोताखोर रहेंगे तैनात, डीसी ने दिए निर्देश
पुलिस को 22 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लड़के चोरी के मोबाइल फोन और जेवरात बेचने के लिए कुशा नारायणपुर बाजार पहुंचे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस ने छापेमारी दल गठित किया। पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों लड़के भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की तलाशी के दौरान आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चांदी जैसी दो पायल और सोने जैसी एक जितिया बरामद हुई। मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि बरामद सामान हुसैनाबाद थाना से संबंधित चोरी के मामले से जुड़ा है। इसके बाद पुलिस ने मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया और विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
also read : डॉ. आशा लकड़ा ने प्रणामी मंदिर में की पूजा-अर्चना, किया अपना घर आश्रम का किया निरीक्षण
गिरफ्तार मुकेश कुमार औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी रामाश्रय राम का पुत्र है।छापेमारी दल में हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक रामेश्वर बारी सहित सशस्त्र बल, चालक और चौकीदार शामिल थे।




