खूंटी: खूंटी सदर थाना क्षेत्र के डुगडुगिया स्थित नितेश शारदा के क्रशर पर गुरुवार की देर रात अपराधियों ने एक बार फिर हमला किया। इस दौरान अपराधियों ने क्रशर परिसर में खड़ी जेसीबी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब एक बजे अज्ञात अपराधी क्रशर परिसर में घुसे और जेसीबी को जलाने की कोशिश की।
आशंका जताई जा रही है कि घटना को अंजाम देने के दौरान कुछ अन्य अपराधी मुख्य गेट या परिसर के बाहर निगरानी कर रहे होंगे। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआइ ) के उग्रवादियों ने इसी क्रशर पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। तब वह पूरा मामला लेवी (रंगदारी) वसूली से जुड़ा हुआ था। इसके अलावा, गत 9 दिसंबर 2025 को अज्ञात अपराधकर्मियों ने तोरपा थाना क्षेत्र के डोड़मा स्थित बाबा आम्रेश्वरधाम माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के बाहर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
हैरानी की बात यह थी कि उस समय क्रशर के भीतर पुलिस सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे, और इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर इस दुस्साहस को अंजाम दिया था।
जिले में क्रशर इकाइयों और खनन स्थलों पर लगातार हो रहे इन आपराधिक व उग्रवादी हमलों से स्थानीय क्रशर संचालकों और व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
संचालकों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक पुख्ता करने तथा अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।




