पाकिस्तान में दर्दनाक सड़क हादसा, 80 फीट खाई में गिरी बस, 40 यात्रियों की मौ’त

क्वेटा: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, बलूचिस्तान के शेरानी जिले के धनसार इलाके से रवाना होकर पेशावर जा रही

क्वेटा: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, बलूचिस्तान के शेरानी जिले के धनसार इलाके से रवाना होकर पेशावर जा रही यात्रियों से भरी बस प्रांतीय सीमा पार करने के बाद डेरा इस्माइल खान क्षेत्र में 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिर गई।

पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय बस में कुल 48 यात्री सवार थे। दुर्घटना की पुष्टि बलूचिस्तान सरकार के मीडिया एवं राजनीतिक मामलों के सहायक शाहिद रिंद और केपी रेस्क्यू 1122 ने की है।

खाई में गिरने के बाद शुरू हुआ राहत अभियान

शाहिद रिंद ने बताया कि बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के निर्देश पर हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। दोनों प्रांतों के जिला प्रशासन, रेस्क्यू टीमों और संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घटना की जांच कराने की भी बात कही है।

केपी रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, सूचना मिलते ही झोब इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं। सभी आठ घायलों को इलाज के लिए झोब जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचक्यू) में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शव पहले नजदीकी ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र और बाद में डीएचक्यू अस्पताल पहुंचाए गए।

पहाड़ी इलाके के कारण बचाव कार्य में आई कठिनाई

झोब इमरजेंसी सेंटर के प्रमुख सनाउल्लाह शेरानी ने बताया कि बस करीब 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिरी थी। पहाड़ी और ऊबड़-खाबड़ इलाके की वजह से शुरुआती चरण में राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संबंधित विभागों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी घटना पर शोक जताया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *