धनबाद: धनबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में बहुत जल्द राशन एटीएम लगेगी। राशन एटीएम से पैसे की तरह गेहूं और चावल निकलेगा। केंद्र सरकार की योजना के तहत जिले में जल्द राशन एटीएम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए डीसी कार्यालय के पीछे जगह का चयन किया गया है। राशन एटीएम लगने से पीडीएस दुकानदारों की मनमानी खत्म होगी। वहीं सही वजन से कार्डधारक को राशन मिलेगा, जिससे आमलोगों को हर बार की किचकिच से राहत मिलेगी। वर्तमान में वजन से कम राशन देने की शिकायतें आ रही हैं। इसपर विभागीय अधिकारी भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे पीडीएस दुकानदारों की मनमानी बढ़ी हुई है।
मशीन ऑटोमेटिक, दिनभर खुली रहेगी
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार राशन एटीएम पूरी तरह से ऑटोमेटिक होगी। यह दिनभर खुली रहेगी, जिससे कार्डधारकों को डीलर की दुकान खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे किसी भी समय आकर अपना राशन ले सकेंगे। राशन लेने की प्रक्रिया बेहद आसान है। कार्डधारियों को राशन एटीएम में अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमीट्रिक मशीन में अंगूठा लगाकर पहचान सत्यापित करनी होगी। सत्यापन होते ही राशन एटीएम में दर्ज मात्रा के अनुसार गेहूं और चावल बाहर निकल जाएगा। मशीन में सही वजन के साथ कार्डधारक को राशन मिलेगा, जिससे कम राशन मिलने की भी शिकायत खत्म हो जाएगी।
also read : एक्टर इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस, 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का आदेश
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि अभी हमेशा शिकायतें मिलती हैं कि पीडीएस दुकानदार समय पर दुकान नहीं खोलते हैं। दुकान से कम अनाज देते हैं या अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देते हैं। राशन एटीएम लगने से इन समस्याओं से निजात मिलेगी। राशन एटीएम में पूरा हिसाब डिजिटल रहेगा और केंद्र सरकार के सर्वर से सीधे जुड़ा रहेगा। खाद्य वितरण की पूरी व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी।
इस मामले की जानकारी देते हुए डीएसओ पंकज कुमार ने बताया कि धनबाद जिले में जल्द राशन एटीएम लगेगी। राशन एटीएम की शुरुआत हो रही है। अभी डीसी ऑफिस के पीछे जगह चिह्नित की गई है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया जारी है। सबकुछ सही रहा तो यह मशीन सभी जगहों पर लगेगी।




