रांची : रांची नगर निगम ने शहर के सात पार्क संचालकों पर बकाया लाखों रुपये की राशि वसूलने के लिए सख्ती दिखाई है। अपर नगर आयुक्त ने आज यानी मंगलवार को बाजार शाखा के अधिकारियों और संबंधित पार्क संचालकों के साथ बैठक कर सभी को 10 दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में भुगतान नहीं करने वाले संचालकों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न पार्कों का संचालन निजी एजेंसियां कर रही हैं। इन संचालकों पर निगम की लाखों रुपये की राशि बकाया है। अपर नगर आयुक्त ने इसे निगम के राजस्व की क्षति बताते हुए भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।
Read More : रांची में दुर्गा पूजा से पहले सुरक्षा की तैयारी, 370 से अधिक स्लैब लगाए
किन पार्क संचालकों पर है बकाया?
नगर निगम के अनुसार, मेसर्स वियाली इंफ्राटेक मोरहाबादी चिल्ड्रेन पार्क का संचालन करती है। मेसर्स हरिओम कंस्ट्रक्शन के जिम्मे डोरंडा स्थित कृष्णा सिंह पार्क है, जबकि मेसर्स अमरूदा हरमू पार्क का संचालन करती है। इसी तरह मेसर्स विश्वा एंटरप्राइजेज रामदयाल मुंडा पार्क, मो. ऐजाज मोरहाबादी निगम पार्क, मेसर्स इंडीक्राफ्ट पटेल पार्क और मेसर्स पंकज कुमार क्लासिक पार्क का संचालन करते हैं। इन सभी संचालकों पर निगम की राशि बकाया है।
10 दिनों में भुगतान नहीं तो होगी ब्लैकलिस्टिंग
बैठक में अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पार्क संचालकों को 10 दिनों के भीतर संपूर्ण बकाया राशि जमा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में भुगतान नहीं होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम के राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नए पार्कों की निविदा और विकास पर भी जोर
बैठक में अपर नगर आयुक्त ने बाजार शाखा को उन पार्कों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया, जिनकी निविदा अब तक नहीं हुई है। इसके अलावा, निगम की खाली जमीन का बेहतर उपयोग करने, शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से नए पार्क विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके लिए संभावित इच्छुक एजेंसियों और संस्थाओं से पीपीपी मॉडल अथवा सीएसआर फंड के माध्यम से पार्क विकसित करने के प्रस्ताव आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर प्रबंधक, बाजार शाखा की टीम और संबंधित पार्क संचालक उपस्थित रहे।




