रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों पर खुले नालों से दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए अब तक 370 से अधिक स्लैब लगाए जा चुके हैं। जरूरत के अनुसार निगम की ओर से अब भी स्लैब उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटी है। इसी क्रम में शहर के 53 वार्डों में स्थित 176 पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों का आकलन किया गया। पूजा समितियों से जानकारी लेकर खुले नालों को चिह्नित किया गया और जरूरत के अनुसार चरणबद्ध तरीके से स्लैब लगाने का काम कराया गया।
Read More : रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, एक्सपायर्ड सामग्री पर सख्त निर्देश
जरूरत पड़ने पर तुरंत मिलेंगे अतिरिक्त स्लैब
रांची नगर निगम के अनुसार, श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान खुले नालों के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए स्लैब लगाने को प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में निगम के पास 250 से अधिक अतिरिक्त स्लैब उपलब्ध हैं। जरूरत और मांग के अनुसार इन्हें संबंधित स्थानों पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
तीन जगहों पर लंबी नालियों की कराई गई ढलाई
खुले नालों को ढकने के लिए स्लैब लगाने के अलावा निगम ने तीन स्थानों पर लंबी नालियों की ढलाई भी कराई है। इनमें वार्ड संख्या 20 के जालान रोड में करीब 30 फीट, वार्ड संख्या 22 के बंगला स्कूल क्षेत्र में लगभग 60 फीट और वार्ड संख्या 49 में बिहारी पूजा क्लब के पास करीब 200 फीट लंबी नाली शामिल है। इन कार्यों का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुरक्षित बनाना और खुले नालों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं का जोखिम कम करना है।
खुले नाले की सूचना टोल फ्री नंबर पर दें
रांची नगर निगम ने पूजा समितियों और शहरवासियों से अपील की है कि पूजा पंडालों के रास्तों या आसपास कहीं खुले नाले पर स्लैब लगाने की जरूरत हो, तो इसकी सूचना निगम को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा लोग अपने नजदीकी अंचल कार्यालय में भी जानकारी दे सकते हैं। निगम का कहना है कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कर दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।




