पलामू : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले में CID और पलामू पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में टीम ने आरोपी शिक्षक संतोष कुमार सिंह के घर पर इश्तेहार चिपका दिया है। संतोष कुमार सिंह काफी दिनों से फरार चल रहा है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए कई बार उसके ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
Read More : पीएम मोदी का ब्लूमबर्ग फोरम में संदेश, बोले- पावर का मकसद लोगों को सशक्त बनाना
कई बार हो चुकी है छापेमारी
संतोष कुमार सिंह मूल रूप से पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल वह मेदिनीनगर के हमीदगंज इलाके में बीएन कॉलेज के पास रह रहा था। CID की टीम ने पहली बार 3 अगस्त को उसके घर पर छापेमारी की थी। इसके बाद 12 अगस्त को दोबारा छापेमारी की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए CID और पलामू पुलिस की टीम तीन से अधिक बार कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
आरोपी शिक्षक के घर चिपकाया इश्तेहार
संतोष कुमार सिंह की तलाश में CID की टीम एक बार फिर पलामू पहुंची। जिला पुलिस के सहयोग से उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया गया। परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में आरोपी शिक्षक लगातार फरार है।
घर से मिले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज
इससे पहले छापेमारी के दौरान संतोष कुमार सिंह के घर से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और JSSC CGL से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे। जांच टीम इन सामग्रियों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि CID की टीम ने आरोपी के घर पर इश्तेहार चिपकाया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही है।




